सोमनाथ अमृत महोत्सव आज, पीएम मोदी करेंगे रोड शो

दिल्ली। गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आज मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूरे होने पर भव्य ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देर रात जामनगर पहुंच चुके हैं और आज वे सोमनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

11 मई 1951 को स्वतंत्र भारत में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में अमृत महोत्सव आयोजित किया गया है। इस मौके पर पहली बार मंदिर के शिखर का 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से मंदिर के शिखर पर अभिषेक होगा।

प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ हेलीपैड से वीर गोहिल जी की प्रतिमा तक करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो भी करेंगे। इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे।

समारोह को और खास बनाने के लिए भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम मंदिर के ऊपर 15 मिनट का एयर शो करेगी। हॉक एमके-132 विमानों से तिरंगे के रंगों का धुआं आसमान में छोड़ा जाएगा। वहीं चेतक हेलिकॉप्टर से मंदिर परिसर में फूलों की वर्षा भी होगी।

इस आयोजन को ऐतिहासिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है। वर्ष 2026 महमूद गजनवी के हमले के 1000 साल पूरे होने का प्रतीक भी है। वर्ष 1026 में गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला कर इसे ध्वस्त कर दिया था।

गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने कहा कि यह ऐतिहासिक संयोग है कि नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के रूप में सोमनाथ से जुड़े बड़े आयोजनों का हिस्सा बनने का अवसर मिला है। वहीं गिर सोमनाथ जिले में जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम और लीलाओं का मंचन जारी है।

Exit mobile version