जनभेंट कार्यक्रम में गूंजा पानी और बिजली संकट, विधायक ने अफसरों को लगाई फटकार

दुर्ग। विधायक देवेंद्र यादव द्वारा सेक्टर-5 स्थित कार्यालय में आयोजित जनभेंट-मुलाकात कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जहां सबसे ज्यादा मुद्दा पानी की आपूर्ति और बिजली कटौती का रहा।

खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र से आए 50 से अधिक महिला-पुरुषों ने बताया कि उनके इलाके में कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। लोगों ने कहा कि नई पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण काम अधूरा पड़ा है। इसके चलते घरों में पानी की सप्लाई बाधित हो रही है और लोगों को रोजाना परेशान होना पड़ रहा है।

इसी दौरान कई लोगों ने बिजली कटौती की शिकायत भी रखी। वैशाली नगर क्षेत्र के कोहका और कुरूद इलाके से आए लोगों ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी होती है।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने मौके पर ही निगम जोन-4 और बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन लगाकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ कहा कि गर्मी के मौसम में पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन इलाकों में पानी की समस्या है, वहां तुरंत टैंकर भेजे जाएं और पाइपलाइन विस्तार का काम तेजी से शुरू किया जाए।

जनभेंट कार्यक्रम में लोग राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, सहायता राशि, स्कूल एडमिशन और महतारी वंदन योजना से जुड़ी समस्याएं भी लेकर पहुंचे। विधायक ने सभी मामलों में संबंधित विभागों से बातचीत कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में स्पष्ट संदेश दिया गया कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version