ई-ऑफिस में बेहतर काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित: जुलाई रैंकिंग में स्वास्थ्य विभाग पहले, आदिम जाति विकास दूसरे और ग्रामोद्योग तीसरे स्थान पर

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मासिक सम्मान कार्यक्रम में ई-ऑफिस के जरिए नस्तियों का तेजी से निराकरण और कार्यालयीन समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को जुलाई माह की रैंकिंग के आधार पर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। विभागीय ई-ऑफिस प्रदर्शन में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग द्वितीय और ग्रामोद्योग विभाग तृतीय रहा।

मुख्य सचिव ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए ई-ऑफिस में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से आई-गॉट पर हर माह अपनी विभागीय जरूरत के अनुसार कम से कम 3 से 4 कोर्स करने को कहा। आई-गॉट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को भी प्रशंसा पत्र दिए गए।

अलग-अलग श्रेणियों में टॉप प्रदर्शन

संयुक्त सचिव से कनिष्ठ सचिवालय सहायक तक ई-ऑफिस रैंकिंग में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव सच्चिदानंद आलोक प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त सचिव भूपेन्द्र कुमार राजपूत और वन विभाग की संयुक्त सचिव जयश्री जैन क्रमशः शीर्ष स्थानों पर रहे।

अवर सचिव श्रेणी में वन विभाग के दूरदेशी राम सोन्टापर, श्रम विभाग के विपुल कुमार गुप्ता और सामान्य प्रशासन विभाग की ऋतु वर्मा को सम्मान मिला। अनुभाग अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी और सचिवालय सहायक श्रेणियों में भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।

तीन माह की रैंकिंग में भी स्वास्थ्य विभाग आगे

तीन माह की ई-ऑफिस विभागीय रैंकिंग में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, गृह विभाग द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तृतीय रहा। तीन माह की ई-ऑफिस व्यक्तिगत रैंकिंग में भूपेन्द्र कुमार राजपूत पहले, सच्चिदानंद आलोक दूसरे और जयश्री जैन तीसरे स्थान पर रहे।

अटेंडेंस रैंकिंग में उच्च शिक्षा विभाग के लोक नारायण शर्मा प्रथम रहे। वहीं आई-गॉट रैंकिंग में बिलासपुर के चौकीदार गौतम कुमार देवांगन पहले, बलौदाबाजार के व्याख्याता प्रेम नारायण नायक दूसरे और बालोद के पुलिस आरक्षक दिनेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

Exit mobile version