कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत का 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा: जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर में करेंगे जन चौपाल; कोल ब्लॉक प्रभावितों से भी मिलेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सोमवार से तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

इस दौरान वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिले में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगे। दौरे में जन चौपाल के साथ कोल ब्लॉक प्रभावित ग्रामीणों से चर्चा भी शामिल है।

इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों से पहले संगठन की जमीनी स्थिति समझने की कवायद माना जा रहा है।

भगत झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग से छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। शंख नदी के पास प्रदेश की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

दौरे के पहले दिन वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद उनका रात्रि विश्राम मैनपाट में प्रस्तावित है।

दूसरे दिन कोल ब्लॉक प्रभावितों से मुलाकात

दूसरे दिन भगत मैनपाट से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होने के बाद ग्राम साल्ही जाएंगे।

वहां परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों, ग्रामीणों की समस्याओं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा होगी।

इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली मेंद्रा में जन चौपाल में शामिल होंगे। शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

राजीव भवन में संगठन की बैठक

दौरे के तीसरे दिन भगत अंबिकापुर के राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक लेंगे। इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों के संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

इसके बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचकर रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र की जन चौपाल में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद शाम को लोहरदगा रवाना होंगे।

↑
Exit mobile version