अंबिकापुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की 18 वर्षों की उपलब्धियों के साथ कैडेटों की शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतिभा की झलक देखने को मिली।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समारोह के मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अतिथियों ने विद्यालय के 18वें स्थापना दिवस पर केक काटा। प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों की जानकारी दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में कैडेटों ने स्वागत गीत, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, मूक अभिनय, देशभक्ति समूहगान और भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। इन कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि ने विद्यालय पत्रिका का विमोचन किया। संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा तैयार संस्कृत ऐप का भी अवलोकन किया गया।
कटारी और अरिहंत हाउस का दबदबा
सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। सह-पाठ्यक्रम और खेलकूद में कटारी हाउस और अरिहंत हाउस को सर्वश्रेष्ठ हाउस की ट्रॉफी मिली। वहीं अकादमिक क्षेत्र में अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सम्मानित किया गया। अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति प्रदान की गई।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कैडेटों को अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल विद्यार्थियों में राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
