ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मार्च 2027 तक 5 लाख घरों की छत पर सोलर पैनल: छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा को बढ़ावा, 95 हजार घर पहले ही जुड़े

रायपुर। छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार ने मार्च 2027 तक 5 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के दो दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम के समापन समारोह में यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा स्वच्छ, अक्षय और भविष्य की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ भी ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सौर ऊर्जा की संभावनाओं का उपयोग कर रहा है।

95 हजार घरों में लग चुके पैनल

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को प्रदेश में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक करीब 95 हजार घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। 1 किलोवाट संयंत्र पर केंद्र से 30 हजार और राज्य से 15 हजार रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। 3 किलोवाट संयंत्र पर करीब 1.08 लाख रुपए की सब्सिडी उपलब्ध है।

4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी का लक्ष्य

साय ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में करीब 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में करीब 3.50 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हुए हैं। इससे भविष्य में 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त क्षमता विकसित होने की संभावना है। वहीं, राज्य ने 4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य रखा है।

महिलाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के विस्तार से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी बन रहे हैं। महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य सोलर वेंडर बनकर घरों में संयंत्र स्थापित कर रही हैं। प्रदेश के 2.82 लाख स्व-सहायता समूहों से 30 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं, जबकि 13 लाख से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा समेत सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगपति, वेंडर्स, बैंक अधिकारी और महिला समूहों की सदस्य मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने सोलर उद्योगों के स्टॉल देखे और उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं व व्यक्तियों को सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button