भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या, फिर फाड़े कपड़े: ननद ने रेप का एंगल देने सोशल मीडिया से सीखा तरीका

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर में ननद ने अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव के कपड़े फाड़ दिए, ताकि मामला रेप जैसा लगे और पुलिस किसी पुरुष आरोपी की तलाश में उलझ जाए। आरोपी ने यह तरीका सोशल मीडिया पर क्राइम से जुड़े वीडियो देखकर सीखा था। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 3 मई को बेलसिया छेदैया (32) खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान उसकी ननद मालती मरकाम (33) ने पीछे से हमला कर दिया। आरोपी ने कुल्हाड़ी से सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे बेलसिया की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को निर्वस्त्र कर घटनास्थल पर छोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। खेत में महिला का अर्धनग्न शव मिलने से शुरुआत में मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का माना गया। पुलिस ने घटनास्थल से छोटी कुल्हाड़ी, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े और अन्य सामान बरामद किए। साइबर सेल और एफएसएल टीम की जांच में पता चला कि महिला के साथ रेप नहीं हुआ था, बल्कि हत्या को दूसरी दिशा देने की कोशिश की गई थी।
जांच में सामने आया कि मालती अपने पति से विवाद के बाद पिछले 5 साल से मायके में रह रही थी। घर के कामकाज और संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसका भाभी से अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, करीब 6 महीने पहले भी आरोपी ने भाभी की हत्या की कोशिश की थी। लगातार पूछताछ के बाद मालती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।





