मानसून समय से पहले आने के संकेत, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

दिल्ली। देश में इस बार मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक सामान्य तौर पर 1 जून तक केरल पहुंचने वाला मानसून इस बार 25 से 27 मई के बीच केरल तट पर पहुंच सकता है।
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे मानसून की रफ्तार बढ़ी है। इसके असर से दक्षिण भारत समेत कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने लगा है।
उत्तर भारत में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार और उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि यूपी के 38 जिलों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। हिमाचल के कुल्लू में तेज तूफान से कई घरों और गोशालाओं की छतें उड़ गईं।
दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है। सोमवार को राजस्थान का बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जैसलमेर में 46.5°C, फलोदी में 45.6°C और बीकानेर में 45.3°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। मध्य प्रदेश के रतलाम में भी पारा 45°C के पार पहुंच गया।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 14 से 17 मई के बीच तेज बारिश हो सकती है।
वहीं असम, मेघालय, मणिपुर और ओडिशा में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और आंधी-तूफान दोनों से सतर्क रहने की सलाह दी है।





