ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नई पीढ़ी का भविष्य संवारना सबसे बड़ी जिम्मेदारी: सीएम साय

दुर्ग को शिक्षा और खेल अधोसंरचना की 4 बड़ी सौगातें

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नई पीढ़ी का भविष्य संवारना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्य, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्रभावना का विकास करना है।

मुख्यमंत्री सोमवार को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026-27 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया। साथ ही पहली, छठवीं और नवमी के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें, गणवेश और स्कूल बैग वितरित किए तथा नवमी की छात्राओं को साइकिलें भी सौंपी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युक्तियुक्तकरण के बाद अब कोई भी स्कूल शिक्षक विहीन नहीं है। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और 24 नालंदा परिसर विकसित किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के लिए चार बड़ी घोषणाएं कीं। इनमें शिक्षा विभाग के लिए आधुनिक कम्पोजिट कार्यालय भवन, सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम, फुटबॉल मैदान सह एथलेटिक्स ट्रैक तथा नीट-जेईई की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए 100-100 सीटर छात्र और छात्रा छात्रावास शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय की खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का अवलोकन किया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button