StateNewsदेश - विदेश

प्राइवेट स्कूल में 3 साल की बच्ची से यौन शोषण: चॉकलेट का लालच देकर करता था गलत हरकत, कैब ड्राइवर गिरफ्तार

दिल्ली। दिल्ली के बवाना इलाके के एक निजी स्कूल में तीन साल की छात्रा के यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में स्कूल में कैब ड्राइवर के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब आठ महीने से स्कूल से जुड़ा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नर्सरी में पढ़ने वाली बच्ची को चॉकलेट का लालच देता था और कथित तौर पर उसे कई बार गलत तरीके से छूता था। बच्ची के व्यवहार में बदलाव देखकर उसकी मां ने उससे बातचीत की। इस दौरान बच्ची ने स्कूल में आने वाले एक ‘बैड अंकल’ के बारे में बताया। हालांकि, वह आरोपी का नाम नहीं बता सकी।

इसके बाद माता-पिता ने स्कूल प्रशासन को घटना की जानकारी दी। 24 अगस्त को स्कूल प्रशासन ने बच्ची को कर्मचारियों की तस्वीरें और CCTV फुटेज दिखाए। बच्ची ने इनमें आरोपी कैब ड्राइवर की पहचान कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की और आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया।

सीढ़ियों के नीचे ले जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में आरोपी स्कूल परिसर में जेब में चॉकलेट रखकर घूमता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि बच्ची के वॉशरूम जाने के दौरान आरोपी उसके पीछे गया और चॉकलेट देने के बाद उसे सीढ़ियों के नीचे ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ कथित तौर पर गलत हरकत की।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जांच में फोन से कई छोटे बच्चों को चॉकलेट देते हुए वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें काउंसलिंग और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Back to top button