राहुल गांधी को बस्तर लाने की तैयारी: दीपक बैज बोले- जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों की लड़ाई होगी तेज; बस्तर से बड़े आंदोलन की शुरुआत

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी हितों और जल, जंगल, जमीन के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब आंदोलन को बड़ा रूप देने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि आने वाले समय में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में बस्तर से बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसे लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
दीपक बैज ने राज्य सरकार पर आदिवासियों के हितों की अनदेखी करने और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी जल, जंगल और जमीन बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। बस्तर से लेकर सरगुजा तक अलग-अलग क्षेत्रों में विरोध और आंदोलन चल रहे हैं।
सरकार पर लगाया संसाधन बेचने का आरोप
पीसीसी चीफ ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों को निजी उद्योगपतियों को सौंपने का काम कर रही है। कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ जनता के बीच जाएगी और आंदोलन को और व्यापक बनाएगी।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का मुद्दा केवल बस्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश से जुड़ा हुआ है। इसलिए कांग्रेस इस लड़ाई को प्रदेशव्यापी स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही है।
राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी
दीपक बैज ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी छत्तीसगढ़ के इन मुद्दों को लेकर चिंतित हैं। आने वाले समय में राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ में बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसकी शुरुआत बस्तर से किए जाने की तैयारी है। हालांकि कार्यक्रम की तारीख और स्थान को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं।



