रायपुर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सेवा सेतु’ पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुशासन को नई मजबूती दे रही है। इस व्यवस्था के जरिए अब लोगों को आय, जाति, निवास और विवाह पंजीयन जैसे शासकीय प्रमाण-पत्रों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सेवाएं अब सरल, पारदर्शी और तय समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बीजापुर जिले के ग्राम भुसापुर, तहसील उसूर की निवासी अंकिता ओयम को भी सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से समय पर विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र मिला। उन्होंने तहसील कार्यालय उसूर स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका त्वरित निराकरण किया गया और उन्हें समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया गया। सेवा सेतु केंद्र की मैनेजर मंजुलता दुर्गम और शंकर मोडियम ने उन्हें प्रमाण-पत्र सौंपा।
पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी होने के कारण अंकिता को किसी भी प्रकार की अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ी। उनका कहना है कि पहले विवाह पंजीयन जैसे कार्यों के लिए कई बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करना आसान रहा और निर्धारित समय के भीतर प्रमाण-पत्र मिल गया, जिससे उनके सभी जरूरी काम समय पर पूरे हो सके।
अंकिता ने कहा कि सेवा सेतु केंद्र ग्रामीण लोगों के लिए बेहद उपयोगी सुविधा है। इससे शासकीय सेवाएं घर के नजदीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल रही हैं, जिससे लोगों का शासन-प्रशासन पर भरोसा भी मजबूत हुआ है।
राज्य सरकार के अनुसार सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से आय, जाति, स्थानीय निवास, विवाह पंजीयन सहित कई शासकीय सेवाएं ऑनलाइन और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पहल डिजिटल प्रशासन को मजबूत बनाने के साथ नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और आसान सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।
