बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के छिपाए डंप से सुरक्षा बलों ने 3.84 किलो सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए कैश बरामद किया है। सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई गई है। बरामद सोने में 33 बिस्किट शामिल हैं, जिनका कुल वजन 330 तोला है।
पुलिस के मुताबिक, यह बरामदगी भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप से हुई है। सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने भैरमगढ़ और पुटरू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल में सर्च अभियान चलाया था।
स्टील के डिब्बे और टीन के बक्से में छिपाया था सोना
तलाशी के दौरान जवानों को जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। जांच करने पर टीन के बक्सों और स्टील के डिब्बे में रखे सोने के 33 बिस्किट मिले। इसके साथ 24.22 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना और कैश किसका है और इसे किस मकसद से जंगल में छिपाया गया था।
अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ कैश मिला
पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में नक्सलियों के डंप के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी अलग-अलग सर्च ऑपरेशन में माओवादियों के छिपाए गए ठिकानों से सोना और नकदी बरामद की गई है।
इस ताजा कार्रवाई के बाद जिले में अब तक कुल 12.34 किलो सोना और करीब 8.24 करोड़ रुपए कैश बरामद किए जा चुके हैं। एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि बरामद संपत्ति के मालिकाना हक और इसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
