रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में हमारी माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और प्रदेश की आत्मीयता रची-बसी है। यह केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और पारंपरिक आयोजनों में छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और अपनापन दिखाई देता है। पीढ़ियों से यह भाषा हमारी संस्कृति, जीवन मूल्यों और परंपराओं को सहेजते हुए लोगों को अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।
नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ने की जरूरत
सीएम साय ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में है। केवल भाषा पर गर्व करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे रोजमर्रा के व्यवहार में भी अपनाना जरूरी है। साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में छत्तीसगढ़ी को अधिक स्थान देकर इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मातृभाषा के माध्यम से समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को बेहतर ढंग से अगली पीढ़ी तक पहुंचा सकता है। इसके लिए परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
भाषा के संरक्षण-संवर्धन का संकल्प लें
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने और उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, समृद्ध साहित्य और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रखी जा सकेगी।
