अमरनाथ यात्रा का दूसरा दिन: 40 दिनों में 7 फीट से 4 फीट का हुआ बाबा बर्फानी, पहले दिन 12 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पहलगाम/बालटाल। अमरनाथ यात्रा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बाबा बर्फानी का प्राकृतिक हिम शिवलिंग आकार में छोटा हो गया है। 23 मई को सामने आई पहली तस्वीर में हिमलिंग की ऊंचाई करीब 7 फीट थी, जो अब लगभग 40 दिन बाद घटकर करीब 4 फीट रह गई है। 29 जून को प्रथम पूजा के समय भी शिवलिंग की ऊंचाई 5 फीट से अधिक थी, लेकिन हालिया तस्वीरों में इसका आकार और चौड़ाई दोनों कम दिखाई दे रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमरनाथ गुफा में बनने वाला हिम शिवलिंग प्राकृतिक आइस स्टैलेग्माइट होता है। यह गुफा की छत से टपकने वाले पानी के जमने से स्वतः बनता है। मौसम, तापमान और पानी की उपलब्धता के अनुसार हर वर्ष इसका आकार बदलता रहता है। इस बार बढ़ते तापमान और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण हिमलिंग तेजी से छोटा हुआ है।
यात्रा के पहले दिन करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए। वहीं, दूसरा जत्था शनिवार को गुफा की ओर बढ़ा, जबकि तीसरा जत्था जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से रवाना हो गया। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरनाथ यात्रियों के नाम संदेश जारी कर पांच संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा मार्ग को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, यात्रा के बाद एक पौधा लगाने और भाईचारे की भावना मजबूत करने का आग्रह किया है।





