नौतपा से पहले ही भीषण गर्मी: बांदा 48°C के साथ दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर

दिल्ली। देश में नौतपा शुरू होने से चार दिन पहले ही गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। उत्तर प्रदेश का बांदा बुधवार को 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया।
बांदा से ज्यादा तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4°C और सऊदी अरब के अराफात में 48.4°C दर्ज हुआ। वहीं मध्य प्रदेश का खजुराहो 47.4°C के साथ दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में चौथे स्थान पर रहा।
बुधवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1°C, नागपुर में 46.6°C, हरियाणा के रोहतक में 46.9°C और मध्य प्रदेश के नौगांव में 46.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आने वाली गर्म और सूखी हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। इसी वजह से मई के आखिरी सप्ताह और जून जैसी भीषण गर्मी अभी से महसूस हो रही है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एक्सपर्ट के मुताबिक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक धूप से बचना चाहिए। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों ने बिना प्यास लगे भी लगातार पानी पीने और दिनभर में कम से कम 4 लीटर पानी लेने की सलाह दी है।
इधर मानसून की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। फिलहाल मानसून अंडमान-निकोबार और कोलंबो के आसपास तीन दिन से स्थिर है। हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।





