दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम और इसके प्रभाव से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में तेज बारिश हो रही है। मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। रायपुर समेत कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। रायपुर के महादेवघाट पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जबकि बस्तर में कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। बारिश को देखते हुए शनिवार को प्रदेश के सभी स्कूलों में छुट्टी की गई है।
यूपी के 32 जिलों में बाढ़ का खतरा
उत्तर प्रदेश में करीब 40 घंटे से बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। 32 जिलों में बाढ़ का खतरा है। शनिवार को 36 जिलों में स्कूल बंद हैं। लखनऊ, सुल्तानपुर और शामली में यूनिवर्सिटी और कॉलेज भी बंद रखने का फैसला लिया गया है। कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज हवा और बारिश के दौरान एक कार पलट गई।
बिहार में 19 जिलों में अलर्ट, 3 की मौत
बिहार में 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुपौल के करीब 50 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। कोसी और बागमती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
MP-राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश
मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में भारी बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। राजस्थान में भी 27 सितंबर को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते सात जिलों में स्कूल बंद हैं। पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड के कारण 300 से ज्यादा वाहन फंस गए हैं।
