रायपुर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल हुए CM; महादेव घाट से प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुना
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नया गौरव मिला है। मुख्यमंत्री सोमवार को राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के साथ गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना और वर्चुअल संबोधन का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सोमनाथ मंदिर के इतिहास, विदेशी आक्रांताओं के हमलों और मंदिर के पुनर्निर्माण की यात्रा का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 75 वर्ष पूर्व आज ही के दिन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य पूरा हुआ था। इसी ऐतिहासिक अवसर को देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार हमलों के बावजूद मंदिर की आस्था को समाप्त नहीं किया जा सका। श्रद्धालुओं और पुजारियों का बलिदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। वहीं प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने विरोधों के बावजूद मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
उन्होंने कहा कि आज काशी विश्वनाथ मंदिर,सोमनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार भी शक्तिपीठ योजना और स्वदेश दर्शन योजना के तहत धार्मिक स्थलों के विकास पर काम कर रही है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
