सेल्समैन फर्जी लूट मामले में गिरफ्तार, पुलिस ने उगलवाई सच्चाई: 4.50 लाख रुपए की लूट की कहानी निकली झूठी, खुद खर्च कर दिए पैसे

जांजगीर-चांपा। कृष्णा हुंडई में काम करने वाले एक सेल्समैन द्वारा लूट की झूठी कहानी गढ़ने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन पूछताछ में युवक के बयान बार-बार बदलने लगे, जिससे शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी सच्चाई उगल दी।
कोतवाली थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल के अनुसार, बिलासपुर निवासी प्रयांश देवांगन कंपनी के लिए कलेक्शन का काम करता है। वह करीब 4 लाख 50 हजार रुपए लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसने थाने पहुंचकर रास्ते में अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की शिकायत दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और युवक से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान उसके बयान में लगातार विरोधाभास सामने आया। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो युवक टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई थी। उसने खुद ही रुपए खर्च कर दिए थे और बचने के लिए झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।





