रायपुर मेडिकल कॉलेज को 103 करोड़ की सौगात: आधुनिक हॉस्टल और कैंसर सेंटर विस्तार की रखी गई आधारशिला

रायपुर7 रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय को 103 करोड़ रुपए से अधिक की स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन विस्तार और चिकित्सकों-कर्मचारियों के आवासीय परिसर सहित कई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने पिछली यात्रा के दौरान छात्रावास की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से बस्तर, सरगुजा सहित दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवाएं देने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि करीब 103 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली ये परियोजनाएं प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य तय समय सीमा से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी संस्थानों के विस्तार तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने जैसे कई कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में जल्द ही प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा हार्ट सेंटर भी शुरू होगा।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पहली परियोजना के तहत 200 सीटर आधुनिक छात्र-छात्रावास बनाया जाएगा। दूसरी परियोजना में कैंसर भवन का दूसरे से छठे तल तक विस्तार कर आधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और वार्ड विकसित किए जाएंगे। वहीं तीसरी परियोजना के तहत छात्राओं के हॉस्टल का विस्तार कर लाइब्रेरी, डॉरमेट्री, रिक्रिएशन हॉल और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मरीजों को बेहतर इलाज और मेडिकल विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण एवं आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।





