StateNewsदेश - विदेश

फालता में रिपोलिंग शुरू: 285 बूथों पर कड़ी सुरक्षा, TMC उम्मीदवार पीछे हटे; 24 मई को आएंगे नतीजे

दिल्ली। पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से दोबारा मतदान शुरू हो गया। यहां कुल 285 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जहां शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हर बूथ पर इस बार 8 जवान तैनात किए गए हैं, जबकि पिछली वोटिंग में केवल 4 जवान मौजूद थे।

फालता सीट पर 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद EVM में गड़बड़ी और छेड़छाड़ के आरोप लगे थे। भाजपा ने दावा किया था कि कुछ बूथों पर EVM में भाजपा के बटन पर टेप चिपकाकर उसे ब्लॉक किया गया। इसके अलावा कई बूथों पर मशीनों में तकनीकी खराबी की शिकायतें भी सामने आई थीं। जांच के दौरान निर्वाचन अधिकारियों को करीब 60 बूथों में गड़बड़ी के संकेत मिले। वेब कैमरों के फुटेज से छेड़छाड़ की कोशिशों की बात भी सामने आई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने रिपोलिंग कराने का फैसला लिया। मतगणना 24 मई को होगी।

फालता सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच माना जा रहा है। हालांकि TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने दो दिन पहले चुनाव लड़ने से पीछे हटने का ऐलान कर दिया था। बावजूद इसके, EVM में उनका नाम और पार्टी का चुनाव चिन्ह बना रहेगा, क्योंकि नाम वापसी की समय सीमा पहले ही समाप्त हो चुकी है।

फालता विधानसभा सीट साउथ 24 परगना जिले में आती है। यह इलाका कभी CPI(M) का गढ़ माना जाता था, लेकिन पिछले तीन चुनावों से यहां TMC का कब्जा है। भाजपा आज तक इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी है। 2021 के चुनाव में TMC ने यहां करीब 40 हजार वोटों से जीत हासिल की थी। इस बार कुल 6 उम्मीदवार मैदान में हैं।

Related Articles

Back to top button