बिजली बिल के बकाये से मिली राहत, धमतरी के विशाल परिवार को नई शुरुआत

रायपुर। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 के तहत धमतरी के बी.एस. विशाल परिवार को लंबे समय से जमा बिजली बिल के बकाये से राहत मिली है। सीमित पारिवारिक आय के कारण परिवार समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर पा रहा था। इससे बकाया राशि बढ़ती जा रही थी और आर्थिक दबाव भी बढ़ रहा था। योजना की जानकारी मिलने के बाद उनके पुत्र डेनियल विशाल ने आवेदन किया।
योजना के तहत परिवार को बकाया मूल राशि में छूट के साथ सरचार्ज की 100 प्रतिशत माफी मिली। शेष राशि को आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी गई। इससे परिवार पर बकाया भुगतान का दबाव कम हुआ और अब वे नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने की स्थिति में हैं। डेनियल विशाल ने योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
धमतरी में 537 उपभोक्ता हुए बकाया मुक्त
धमतरी जिले में योजना के तहत अब तक 4,652 पात्र हितग्राहियों की पहचान की गई है। इनमें 4,115 उपभोक्ता ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया में शामिल हो चुके हैं, जबकि 537 उपभोक्ताओं को बकाया मुक्ति का लाभ दिया जा चुका है। विभाग की ओर से शिविर और जागरूकता अभियान चलाकर पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ा जा रहा है।
बीपीएल को 75%, घरेलू-कृषि उपभोक्ताओं को 50% छूट
योजना में बीपीएल उपभोक्ताओं को बकाया मूल राशि पर 75 प्रतिशत तक और घरेलू व कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। सभी पात्र श्रेणियों के लिए सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जा रहा है। उपभोक्ता न्यूनतम 10 प्रतिशत राशि जमा कर शेष बकाया निर्धारित अवधि में आसान किस्तों में चुका सकते हैं।
उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए योजना की अवधि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। विभाग का कहना है कि योजना का उद्देश्य बकायेदार उपभोक्ताओं को राहत देकर उन्हें दोबारा नियमित बिजली बिल भुगतान की व्यवस्था से जोड़ना है।





