रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त पदों पर भर्ती का संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। भर्ती संविदा आधार पर होगी। योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक सहित अलग-अलग पद शामिल हैं। चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के जरिए किया जाएगा। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रहेगा।
सितंबर में आवेदन लिंक होगा जारी
विभाग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन का लिंक सितंबर 2026 में स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। लिखित भर्ती परीक्षा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा योजना, पाठ्यक्रम और आरक्षण से जुड़ी विस्तृत जानकारी ऑनलाइन भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद सामने आएगी। अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित अपडेट के लिए विभाग की वेबसाइट eduportal.cg.nic.in नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।
सहायक शिक्षक के सबसे ज्यादा पद
कुल 1812 पदों में सबसे ज्यादा 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। इसके बाद प्रयोगशाला सहायक के 170, शिक्षक अंग्रेजी के 106 और व्याख्याता वाणिज्य के 104 पद हैं। शिक्षक कला के 72, शिक्षक गणित के 68, व्याख्याता अंग्रेजी के 65 और ग्रंथपाल के 60 पद भी शामिल हैं। इसके अलावा व्याख्याता हिंदी 51, सामाजिक विज्ञान 52, भौतिक 53, गणित 49, संस्कृत 47, रसायन 44 और जीव विज्ञान 39 पदों पर भर्ती होगी।
पदों की संख्या बदल सकती है
विभाग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन में दी गई रिक्त पदों की संख्या परिवर्तनशील है। अंतिम भर्ती विज्ञापन में पदों की संख्या, आरक्षण और पात्रता संबंधी शर्तों को ही मान्य माना जाएगा। भर्ती प्रक्रिया संबंधित जिले में गठित प्रबंधन एवं संचालन समिति के माध्यम से पूरी की जाएगी।
