मुंबई। आलिया भट्ट शुक्रवार को मुंबई में अपनी अपकमिंग फिल्म ‘डोंट बी शाय’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में पहुंचीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे बाहर निकल रही थीं, तभी भीड़ के बीच एक फैन सेल्फी लेने के लिए उनकी तरफ बढ़ने लगा। फैन आलिया के काफी करीब आने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उनके बॉडीगार्ड ने तुरंत उसे साइड कर दिया।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान आलिया का ध्यान उस फैन की तरफ नहीं था। वे दूसरे प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवा रही थीं। बॉडीगार्ड द्वारा साइड किए जाने के बाद फैन एक बार फिर सेल्फी लेने की कोशिश करते हुए आलिया के पास पहुंचा, लेकिन सिक्योरिटी टीम ने उसे रोक दिया। इसके बाद वह वहां से चला गया। इवेंट से निकलते समय आलिया ने एक अन्य फैन के साथ तस्वीर भी क्लिक कराई।
2024 में बॉडीगार्ड पर नाराज हुई थीं आलिया
आलिया इससे पहले भी फैंस के साथ अपने व्यवहार को लेकर चर्चा में रही हैं। 2024 में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एयरपोर्ट पर एक फैन उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान बॉडीगार्ड ने फैन की शर्ट पकड़कर उसे पीछे खींच दिया था। यह देखकर आलिया नाराज हो गई थीं। उन्होंने बॉडीगार्ड को फैन को टच न करने के लिए कहा और खुद उस प्रशंसक को पास बुलाकर उसके साथ फोटो खिंचवाई थी।
शाहीन के ‘रेजबेट’ वाले किस्से पर हंसी
ट्रेलर लॉन्च के दौरान आलिया ने अपनी बहन शाहीन भट्ट से जुड़ा बचपन का किस्सा भी सुनाया। कार्यक्रम में उनसे ‘रेजबेट’ समेत कई Gen Z टर्म्स के अर्थ पूछे गए। आलिया ने बताया कि बचपन में शाहीन उन्हें चिढ़ाया करती थीं। वह कहती थीं कि आलिया पार्ले-जी के साथ फ्री आई हैं और असल में अपने माता-पिता की बेटी नहीं हैं।
चार नए एक्टर्स को लॉन्च कर रही हैं आलिया
‘डोंट बी शाय’ आलिया भट्ट के प्रोडक्शन की फिल्म है। इसमें आरुषि बजाज, पीयूष खाती, अंश दुग्गल और बियांका अरोड़ा लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म की डायरेक्टर सृति मुखर्जी भी डेब्यू कर रही हैं। आलिया ने कहा कि एक एक्टर के तौर पर डेब्यू के 14 साल बाद अब वे चार नए एक्टर्स और एक डायरेक्टर को लॉन्च कर रही हैं। फिल्म 25 सितंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
