रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी जारी रहेंगी। मौसम विभाग ने 12 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से लगे दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
मानसून द्रोणिका भी सक्रिय
प्रदेश में बारिश के लिए एक और प्रमुख सिस्टम मानसून द्रोणिका है। यह उत्तर-पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
बिजली गिरने का खतरा, सावधानी जरूरी
बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम खराब होने पर खुले मैदान, खेत या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है। पेड़ों के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है।
किसानों को भी खुले में रखी फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने और तेज गरज के दौरान विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
