बंगाल में रिकॉर्ड 92% वोटिंग: 2011 का रिकॉर्ड टूटा, महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा डाले वोट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया है। राज्य की सभी 294 सीटों पर कुल 92.84% वोटिंग हुई, जो अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत है। इससे पहले 2011 में 84.72% मतदान का रिकॉर्ड था, जिसे इस चुनाव में पीछे छोड़ दिया गया।
बुधवार को दूसरे चरण की 142 सीटों पर 92.48% मतदान हुआ, जबकि 23 अप्रैल को पहले चरण की 152 सीटों पर 93.19% वोटिंग दर्ज की गई थी। खास बात यह रही कि महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया। महिलाओं का वोट प्रतिशत 92.28% रहा, जबकि पुरुषों का 91.07% दर्ज किया गया।
चुनाव के दौरान कुछ जगहों पर हिंसा और हंगामे की घटनाएं भी सामने आईं। भाजपा ने डायमंड हार्बर के फालता क्षेत्र में EVM में BJP के बटन पर टेप लगाकर ब्लॉक करने का आरोप लगाया। वहीं हावड़ा और नॉर्थ 24 परगना में EVM खराबी, लाठीचार्ज और TMC-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस बार चुनावी हिंसा में किसी की मौत नहीं हुई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, वोटिंग प्रतिशत बढ़ने के पीछे कई कारण रहे। मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटने के बाद भी लोगों की भागीदारी बढ़ी। एंटी-इनकंबेंसी, ध्रुवीकरण, प्रवासी मजदूरों की वापसी और चुनाव आयोग की सख्ती को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है।
अन्य राज्यों में भी रिकॉर्ड मतदान हुआ। तमिलनाडु में 85.14%, असम में 85.91% और पुडुचेरी में 89.87% मतदान दर्ज किया गया। वहीं केरल में सबसे कम 78.27% वोटिंग हुई। पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।





