रायपुर। आईपीएल के रोमांच के बीच आरसीबी की टीम का रायपुर पहुंचने पर छत्तीसगढ़ी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के स्वागत का वीडियो RCB ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया, जिसे अब तक 50 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य और मेहमाननवाजी की झलक देखने को मिल रही है।
रायपुर स्थित रिसॉर्ट में टीम के पहुंचते ही खिलाड़ियों का तिलक, आरती और लोकनृत्य के साथ स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक संगीत के बीच लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। कई खिलाड़ी इस खास माहौल से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन से कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग भी की।
RCB के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और खानपान की जमकर तारीफ की। खिलाड़ियों को प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों से भी परिचित कराया गया, जिसका उन्होंने स्वाद लिया और सराहना की। टीम 10 मई को रायपुर में Mumbai Indians के खिलाफ मुकाबला खेलेगी, जबकि 13 मई को RCB का मैच Kolkata Knight Riders से होगा।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई इंडियंस का मुकाबला देखने के लिए आकाश अंबानी रायपुर आ सकते हैं। वहीं 13 मई को होने वाले मुकाबले में शाहरुख खान के भी रायपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
आईपीएल के दो मुकाबलों की मेजबानी मिलने से रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और प्रयासों के चलते राज्य को यह बड़ी मेजबानी मिली है। खिलाड़ियों के पारंपरिक स्वागत ने खेल के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
