युवा कांग्रेस चुनाव: दुर्ग जिले में उम्मीदवारों की सूची फाइनल, भूपेश-देवेंद्र गुट के बीच मुकाबला रोचक

दुर्ग। दुर्ग जिले में युवा कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश और जिला स्तर के विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों की सूची लगभग फाइनल हो चुकी है। इसके साथ ही नामांकन और मतदान की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस बार चुनाव में सबसे ज्यादा उम्मीदवार भिलाई नगर जिले से मैदान में हैं, जहां 12 युवा नेता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

भिलाई नगर, दुर्ग शहर और दुर्ग ग्रामीण जिलों में अध्यक्ष पद सहित अन्य पदों के लिए युवा नेताओं के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव समर्थक गुटों के बीच होने वाली सीधी टक्कर को लेकर है।

भिलाई नगर जिले में रोहन ताम्रकार, दीपक साहू, आशुतोष सिंह, अर्जुन शर्मा, गुरलिन सिंह, जुल्फिकार अहमद, इमाम खान और कासिम सिद्दीकी सहित 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें गुरलिन सिंह, इमाम खान और जुल्फिकार अहमद को देवेंद्र यादव समर्थक माना जा रहा है, जबकि कासिम सिद्दीकी का नाम भूपेश बघेल खेमे से जोड़ा जा रहा है। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां का चुनाव विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दुर्ग शहर में 10 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यहां भी विभिन्न गुट अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। हालांकि अभी तक किसी एक नाम पर स्पष्ट सहमति बनती नजर नहीं आ रही है।

वहीं दुर्ग ग्रामीण जिले में 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां जिला अध्यक्ष पद को लेकर अमनदीप सिंह और डोमेंद्र कुर्रे के नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में सामने आ रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दुर्ग ग्रामीण में भी भूपेश और देवेंद्र गुट के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।

युवा कांग्रेस चुनाव के जरिए संगठन में नई नेतृत्व टीम चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Exit mobile version