दोस्त को चाकू गोदकर मार डाला: बहन से बातचीत के शक में हुआ विवाद

गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर लगाई आग

रायपुर। राजधानी से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक तोषक भारती और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे। शुक्रवार रात तीनों साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि तोषक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव था।

मृतक की मां सरस्वती भारती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास करण ध्रुव और उसके नाबालिग साथी ने तोषक के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल तोषक को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से आरंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

Exit mobile version