दिवाली पर 4670 परिवारों को पक्के मकान की सौगात, 27 जिलों में मंजूरी

PM आवास योजना शहरी 2.0 में अब तक 76,086 घर स्वीकृत; 84 नगरीय निकायों के हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 4670 शहरी परिवारों के अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। दीपावली के अवसर पर केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत प्रदेश के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों में 4670 नए आवासों को मंजूरी दी है। इसके साथ ही योजना के लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) और भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटकों में स्वीकृत मकानों की संख्या बढ़कर 76 हजार 86 हो गई है।

इससे पहले बीएलसी घटक में 55 हजार 953 और एएचपी घटक में 15 हजार 463 आवास स्वीकृत किए गए थे। नई मंजूरी के बाद बीएलसी के मकानों की संख्या बढ़कर 60 हजार 623 हो गई है। वहीं, एएचपी के 15 हजार 463 आवासों को मिलाकर कुल स्वीकृति 76 हजार 86 पहुंच गई है।

हर पात्र परिवार को पक्का घर देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को छत्तीसगढ़ में तेजी से पूरा किया जा रहा है। 4670 नए आवासों की मंजूरी से शहरी गरीब परिवारों को अपना घर बनाने का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार हर पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने सभी 84 नगरीय निकायों को हितग्राहियों के आवास निर्माण में सहयोग करने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर शहरी गरीब को अपना घर मिले, यही सरकार का लक्ष्य है।

↑
Exit mobile version