577 विकेट लेने वाले नाथन लायन न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से बाहर: रोचिसिओली को मौका, क्लेटन का डेब्यू संभव

दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 दिसंबर से शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 13 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। टीम में बड़ा बदलाव करते हुए अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लायन को बाहर कर दिया गया है।

39 साल के लायन के नाम 145 टेस्ट में 577 विकेट हैं। वे 600 विकेट पूरे करने से महज 23 विकेट दूर हैं। उनके बाहर होने से माना जा रहा है कि घरेलू मैदान पर उनका आखिरी टेस्ट हो चुका है।

लायन की जगह 29 साल के अनकैप्ड स्पिनर कोरी रोचिसिओली को मौका मिला है। वहीं, 27 वर्षीय बल्लेबाज जैक क्लेटन पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किए गए हैं। सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर से पर्थ में खेला जाएगा।

पर्थ में शानदार रिकॉर्ड के बावजूद लायन बाहर

लायन पर्थ स्टेडियम में 21.31 की औसत से 29 विकेट ले चुके हैं। वे शेन वॉर्न (708 विकेट) के बाद ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज हैं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने घरेलू सीजन के लिए रोचिसिओली पर भरोसा जताया है। उन्होंने शेफील्ड शील्ड में WACA मैदान पर 27.13 की औसत से 100 विकेट लिए हैं। हाल ही में तस्मानिया के खिलाफ 6 विकेट लेने के साथ उन्होंने पहला फर्स्ट क्लास शतक भी लगाया।

भारत दौरे पर लौट सकते हैं लायन

मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा कि हाल के मैचों में लायन गेंद से अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए। हालांकि, उनका अनुभव और खेल की समझ टीम के लिए आगे भी उपयोगी हो सकती है। जनवरी में भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में उनकी वापसी की संभावना है।

क्लेटन को नंबर-3 पर मौका मिलने की उम्मीद

मार्नस लाबुशेन के बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया को नंबर-3 पर नए बल्लेबाज की तलाश है। शेफील्ड शील्ड में इस सीजन सबसे ज्यादा 5 अर्धशतक लगाने वाले क्लेटन इस भूमिका के दावेदार हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका औसत करीब 50 है।

न्यूजीलैंड ने चुने सात तेज गेंदबाज

न्यूजीलैंड ने 16 सदस्यीय टीम में विशेषज्ञ स्पिनर को जगह नहीं दी है। विल ओ’रूर्क चोट से उबरकर लौटे हैं। मैट हेनरी और काइल जैमीसन पेस अटैक की अगुआई करेंगे। मिचेल सैंटनर के दूसरे टेस्ट से टीम में जुड़ने की उम्मीद है।

↑
Exit mobile version