देशभर में भारी बारिश का अलर्ट: छत्तीसगढ़ में 3 बच्चों समेत 5 की मौत, यूपी के 19 जिले बाढ़ की चपेट में; MP में रेड अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर आफत बन गया है। छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली में पैदल जा रही महिला पर बिजली गिरने से उसकी मौके पर मौत हो गई। बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं बलरामपुर में कन्हर नदी पार करते समय एक युवक बह गया। उसकी तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 92 गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 26 गांवों का संपर्क आसपास के इलाकों से कट गया है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

काशी में घाट डूबे, सड़कों पर अंतिम संस्कार
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट स्थित पुलिस चौकी पानी में डूब गई। प्रयागराज के दारागंज घाट का शमशान भी जलमग्न हो गया है। इसके चलते अंतिम संस्कार के लिए लोगों को सड़कों का सहारा लेना पड़ रहा है। ललितपुर में सैर नाले का पुल पानी में डूब गया। तेज बहाव के बीच पुल पार करने की कोशिश कर रहे युवक की बाइक बह गई, हालांकि युवक सुरक्षित बच गया।

MP के 22 जिलों में रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में रविवार को भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। डिंडौरी और बालाघाट में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। पन्ना में शहपुरा नदी के तेज बहाव में एक डंपर बह गया, जबकि चालक ने तैरकर अपनी जान बचाई।

बिहार में गंगा उफान पर
बिहार में बक्सर से भागलपुर तक गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भागलपुर के नवगछिया क्षेत्र में कटाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुना नदी के तेज बहाव में फंसे मजदूर को SDRF टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 125 सड़कें बंद हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 अगस्त को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।





