दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का असर तेज हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। केरल में भारी बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए 65 राहत शिविर बनाए हैं, जहां 1,465 लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है।
केरल के कई जिलों में हालात खराब हैं। इडुक्की, कोट्टायम, कन्नूर समेत कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इधर, कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार सुबह लैंडस्लाइड से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और 3 साल का बेटा संतोष शामिल हैं। हादसे के वक्त तीनों पहाड़ी क्षेत्र के पास बने अपने घर में सो रहे थे।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शनिवार को बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई। छतरू इलाके में कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि दो वाहन बह गए। सड़कों पर मलबा जमा होने से आवाजाही प्रभावित हुई। एहतियात के तौर पर किश्तवाड़, डोडा और रामबन जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
उत्तराखंड में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तरकाशी में यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ, जबकि चमोली के गौचर के पास बद्रीनाथ हाईवे का करीब 20 मीटर हिस्सा धंस गया। यातायात को वन-वे कर संचालित किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और गुजरात समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व पहाड़ी क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
