छत्तीसगढ़ में बारिश से बढ़ी ठंड, दिन का पारा 8 डिग्री तक गिरा; रायगढ़ में रातभर बरसे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री तक नीचे चला गया है। इससे दिन में भी ठंड का अहसास होने लगा है। रायगढ़ में देर रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार से तूफान का असर कमजोर पड़ने लगेगा। हालांकि, उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।
तूफान का बचा हुआ हिस्सा कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में बदल चुका है। यह उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके और कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगेंगी। कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है।
कई जिलों में 70 मिमी तक बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सुकमा, कोंटा, नरहरपुर और पिथौरा में 70 मिमी तक पानी गिरा। वहीं, तोकापाल, दोरनापाल, केशकाल, कांकेर और छिंदगढ़ में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर, धमतरी, राजिम, नगरी, कुसमी, देवभोग और बागबाहरा समेत कई इलाकों में 50 मिमी तक बारिश हुई।
रायपुर में सामान्य से 6.9 डिग्री कम रहा तापमान
बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में बड़ी गिरावट आई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम है। पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान सामान्य से 8.4 डिग्री नीचे रहा। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 24.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 18 डिग्री दर्ज किया गया।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारों के आसार
राजधानी में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।





