StateNewsदेश - विदेश

बारिश का कहर: प्रयागराज में घरों में घुसा पानी, बिहार में स्कूल नदी में बहा; हिमाचल-उत्तराखंड में 6 मौतें

दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन बारिश के बाद रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। घरों में पानी घुसने से बेड, सोफा और अन्य सामान डूब गए। जलभराव को देखते हुए जिले में लगातार दूसरे दिन सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। रामबाग रेलवे स्टेशन के तीन रेलवे ट्रैक भी पानी में डूब गए हैं।

बिहार के बगहा में गंडक नदी के तेज कटाव ने एक प्राथमिक स्कूल को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूल के पांच में से चार कमरे नदी में बह गए। अब बचा हुआ हिस्सा भी कटाव की जद में है। नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव से आसपास के इलाकों में भी खतरा बढ़ गया है।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बीच हुए लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ट्रक ड्राइवर और नेपाल के दो मजदूर शामिल हैं। बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 88 सड़कें बंद हैं। इनमें मंडी की 32, कुल्लू की 25 और सिरमौर की 10 सड़कें शामिल हैं। इससे कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है।

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में भी लैंडस्लाइड ने तबाही मचाई। यहां भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। राज्य में बारिश और लैंडस्लाइड के कारण 124 सड़कें बंद हैं।

पिथौरागढ़ में BRO के कुलागाड़ वैली ब्रिज पर पहाड़ी से चट्टानें गिरने के बाद पुल काली नदी में समा गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से कैलाश मानसरोवर मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

लगातार बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और राहत टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button