StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बारिश का कहर: पहाड़ से मैदान तक आफत, कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश अब परेशानी बढ़ा रही है। उत्तराखंड में जगह-जगह लैंडस्लाइड से सड़कें बंद हो रही हैं। केदारनाथ के चीरबासा हेलिपैड के पास रविवार को पहाड़ से चट्टानें गिरने से 65 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी लैंडस्लाइड के बाद यात्रा रोक दी गई। भीमबली और केदारनाथ के बीच करीब 1,000 यात्री फंसे हैं। इनमें कई की तबीयत बिगड़ने की जानकारी है।

बिहार में बाढ़ ने हालात गंभीर कर दिए हैं। राज्य के 14 जिलों के 2,360 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 48 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गंगा का जलस्तर बढ़ने से कोलकाता से वाराणसी जा रहा राजमहल क्रूज भागलपुर में छह दिन से फंसा था। रविवार को क्रूज पर सवार 9 विदेशी समेत 11 पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

राजस्थान और एमपी में भी तेज बारिश का दौर

राजस्थान में सोमवार को 36 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम 16 सितंबर तक असर डाल सकता है। रविवार को झालावाड़ और बांसवाड़ा में एक इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

मध्य प्रदेश में इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में तीन मानसूनी सिस्टम सक्रिय हैं। भोपाल समेत कई इलाकों में बारिश जारी है। बड़वानी में नदी-नाले उफान पर हैं। मुरैना में चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र की डूबने से मौत हो गई। टीकमगढ़ में भारी बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं।

वहीं, हरियाणा के छह जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं और करीब 4 लाख लोग प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।

Related Articles

Back to top button