दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश और आंधी देखने को मिली, जबकि गुजरात, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का असर बढ़ गया।
राजस्थान का बाड़मेर देश में सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में पिछले 10 दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है। शनिवार को नालंदा और शेखपुरा में ओले गिरे। पटना में तेज हवाओं के चलते 600 से ज्यादा पेड़ गिर गए और 50 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना में हवा की रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची।
मध्य प्रदेश के 22 जिलों में बारिश हुई, जबकि सिवनी में ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों बाद लू चलने की चेतावनी दी है। रतलाम में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राजस्थान में एक तरफ गर्मी बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में आंधी और हल्की बारिश भी हुई। नागौर, अजमेर, टोंक और सवाई माधोपुर में तेज हवा चली। बूंदी में आंधी के दौरान टिनशेड उड़कर मोबाइल टावर से टकरा गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ में भी मौसम बदला हुआ है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 मई को उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी बढ़ेगी, जबकि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
