सड़क पर मिट्टी फैलाने पर रेलवे ठेकेदार पर 25 हजार जुर्माना: रायपुर स्टेशन से फाफाडीह चौक तक डिवाइडर पर फैलाई थी गंदगी, सभापति ने लगाई फटकार

रायपुर। रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 से फाफाडीह चौक तक मुख्य मार्ग पर मिट्टी और गंदगी फैलाने के मामले में नगर निगम ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। रेलवे स्टेशन परिसर में विकास कार्यों के लिए अनुबंधित आरवि कंस्ट्रक्शन पर निगम ने 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। ठेकेदार की लापरवाही के कारण सड़क पर फैली मिट्टी से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी।

नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने रमण मंदिर वार्ड क्रमांक-14 का स्कूटी से निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 से फाफाडीह चौक तक डिवाइडर पर मिट्टी फैली मिली। सड़क पर गंदगी देखकर सभापति ने नाराजगी जताई और मौके पर ही संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने निगम अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

दीपावली के दौरान बढ़ी लोगों की परेशानी

जानकारी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन परिसर में विकास कार्यों के दौरान ठेकेदार ने मुख्य मार्ग के डिवाइडर पर मिट्टी फैला दी थी। इससे सड़क पर गंदगी फैल गई और आवागमन प्रभावित हुआ। दीपावली के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण इस अव्यवस्था से राहगीरों और वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

सभापति के निर्देश पर नगर निगम ने ठेकेदार पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही सड़क की सफाई और व्यवस्था दुरुस्त रखने की कार्रवाई की गई। निगम की कार्रवाई का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखना और निर्माण कार्यों के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी रोकना है।

↑
Exit mobile version