कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना; मां-बेटे 4 साल से किराए के मकान में रह रहे थे, FSL टीम ने जुटाए सबूत
रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी इलाके में किराए के मकान में रहने वाली मां और बेटे की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटे की लाश बिस्तर पर मिली।
दोनों पिछले तीन से चार दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकले थे। शनिवार को कमरे से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
घटना छोटा अशोक नगर की है। मृतकों की पहचान जयजी देशमुख (52) और उनके बेटे हंसमुख देशमुख (25) के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब चार साल से दिलीप मंडल के मकान में किराए से रह रहे थे।
लंबे समय से बीमार था बेटा
मकान मालिक से पूछताछ में पता चला कि हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। पिछले तीन-चार दिनों से मां-बेटे के कमरे का दरवाजा बंद था। किसी के बाहर नहीं निकलने और कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
FSL टीम ने जुटाए सबूत
सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर दोनों के शव अलग-अलग जगहों पर मिले। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
