दुर्ग के ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की दबिश; लैपटॉप से चल रहा था सट्टे का पैनल, 90 हजार रुपए कैश भी मिला
दुर्ग। ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कमरे में छापा मारकर ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप के जरिए सट्टा चला रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 ATM कार्ड और 90 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए बड़े स्तर पर पैसों का लेन-देन किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास एक कमरे में कुछ लोग लैपटॉप और मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। वहां चार लोग सट्टा गतिविधियों में शामिल मिले।
कमीशन देकर इस्तेमाल करते थे बैंक खाते
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप और उसके पैनल के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए अलग-अलग लोगों के बैंक खातों और ATM कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। खाताधारकों को इसके बदले कमीशन या तय रकम देने की जानकारी भी सामने आई है।
19 से 24 साल के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अमित तिवारी (21), विकास कुमार साहू (24), शुभम कुमार पाल (21) और यशमीत सिंह (19) को गिरफ्तार किया है। सभी खुर्सीपार, भिलाई क्षेत्र के निवासी हैं।
खुर्सीपार थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 510/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और BNS की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की है। अब पुलिस जब्त मोबाइल, लैपटॉप, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगा रही है।
