ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रेत-पत्थर के अवैध परिवहन पर छापा, 6 ट्रैक्टर जब्त; खनिज विभाग की कार्रवाई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर विभाग के उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर रेत और पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जब्त वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षार्थ रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर पकड़े गए। इन वाहनों को कोडगार चौकी में रखा गया है। इसी तरह सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। वहीं अंडी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते एक अन्य ट्रैक्टर को पकड़ा गया। इन दोनों वाहनों को अमरपुर पुलिस लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है।

खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

विभाग ने सभी मामलों में संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग के मुताबिक प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड या समझौता राशि खनिज मद में जमा कराने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

नियमित जांच के निर्देश

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग के अधिकारियों को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में नियमित जांच की जाए और अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से खनिज परिवहन करने वालों पर निगरानी और सख्ती बढ़ाने का संदेश गया है।

Related Articles

Back to top button