रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में आज बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम होने जा रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज इस शिविर में शामिल होकर पार्टी की “पाठशाला” लगाएंगे। वे करीब 4 घंटे तक कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद रहेंगे और जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे।
यह प्रशिक्षण शिविर संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना बताया जा रहा है। शुक्रवार से शुरू हुए इस शिविर में प्रदेशभर से नवनियुक्त जिला और शहर अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं।
शिविर में नेताओं को केवल राजनीतिक प्रशिक्षण ही नहीं दिया जा रहा, बल्कि उन्हें गांवों में जाकर लोगों से संवाद करने, मनरेगा की जमीनी स्थिति समझने, नशे की समस्या और स्थानीय सामाजिक-आर्थिक हालात का अध्ययन करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
इसके साथ ही योग, व्यक्तित्व विकास, मीडिया हैंडलिंग, जनसंपर्क और बूथ प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।
राहुल गांधी विशेष सत्र में संगठन विस्तार, जमीनी पकड़ मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग सत्रों में मौजूद रहकर प्रशिक्षण दे रहे हैं।
इधर, राहुल गांधी के दौरे को लेकर सियासत भी गरमा गई है। भाजपा नेताओं ने जहां इस कार्यक्रम पर सवाल उठाए हैं, वहीं कांग्रेस ने इसे संगठन को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल बताया है।
कुल मिलाकर, राहुल गांधी की यह “पाठशाला” छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को नई दिशा देने और चुनावी तैयारी को धार देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।
