रायपुर। महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित गढ़फुलझर को प्रमुख आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक नानकसागर साहिब गुरुद्वारे में आयोजित कीर्तन समागम में इसके विकास के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान बनाने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा ऐतिहासिक स्थल है। करीब 500 साल पहले गुरु नानक देव जी के यहां आगमन की स्मृतियां आज भी इस क्षेत्र की पहचान हैं।
पांच एकड़ जमीन दान करने का इतिहास
सीएम साय ने कहा कि तत्कालीन राजा भैंना द्वारा गुरुद्वारे के लिए पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग क्षेत्र की उदारता और सामाजिक सद्भाव की परंपरा को दर्शाता है।
गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सिख, कोलता और आदिवासी समाज सहित विभिन्न समुदायों की साझा आस्था का केंद्र है। सरकार इसका समग्र विकास करेगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस विरासत से जुड़ सकें।
गुरु नानक के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का संदेश दिया। ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के कल्याण की प्रेरणा देती है।
गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर सेवा इसका उदाहरण है, जहां जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति के भेद के बिना सभी एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी की स्मृतियों से जुड़ा यह स्थल छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण धार्मिक विरासत है। विकास कार्यों से इसकी पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगी।
कार्यक्रम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, इंद्रजीत सिंह खालसा, भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
