रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की रफ्तार बढ़ रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 26 नवंबर तक प्रदेश के 33 जिलों में 1 लाख 11 हजार 629 किसानों से 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। इस धान का समर्थन मूल्य 1,085 करोड़ 84 लाख रुपए है। इसमें से 87 हजार 242 किसानों को 838 करोड़ 58 लाख रुपए का भुगतान जारी किया गया है।
इस साल धान बेचने के लिए प्रदेश में 28 लाख 6 हजार 802 किसानों ने पंजीयन कराया है। खरीदी के लिए 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। सरकार का दावा है कि सभी केंद्रों पर किसानों की सुविधा और खरीदी व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है।
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा खरीदी
अब तक सबसे अधिक 43,394.64 मीट्रिक टन धान राजनांदगांव जिले में खरीदा गया है। बालोद 38,299.60 टन के साथ दूसरे और महासमुंद 38,055.20 टन के साथ तीसरे स्थान पर है। बेमेतरा में 37,421.40 टन, धमतरी में 29,779.24 टन और दुर्ग में 26,849.04 टन धान की खरीदी हुई है। रायपुर में अब तक 16,357.68 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।
मोटे धान की सबसे ज्यादा आवक
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 2,85,526.72 मीट्रिक टन मोटा धान, 1,15,672.84 मीट्रिक टन पतला धान और 42,688.20 मीट्रिक टन सरना धान खरीदा गया है। यानी कुल खरीदी में मोटे धान की हिस्सेदारी सबसे अधिक है।
केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को खरीदी से भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रखने और किसानों को परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, पेयजल, छाया, बैठने और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। टोकन और तौल व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
