ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

AICC में राष्ट्रीय सचिव पद की दौड़, छत्तीसगढ़ के 3 नेता दिल्ली तलब

रायपुर। कांग्रेस संगठन में छत्तीसगढ़ के तीन युवा नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में राष्ट्रीय सचिव के चयन के लिए प्रदेश के तीन नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इनमें कोको पाढ़ी, नरेश ठाकुर और दीपक मिश्रा शामिल हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व इन नेताओं का साक्षात्कार ले रहा है।

कोको पाढ़ी लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय हैं। उन्होंने युवा कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर विधानसभा अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव जैसी जिम्मेदारियां संभाली हैं। वर्तमान में वे AICC सदस्य हैं। संगठन में लंबे अनुभव के चलते उनका नाम राष्ट्रीय जिम्मेदारी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नरेश ठाकुर भी कांग्रेस संगठन में कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे पूर्व में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन के अलग-अलग स्तर पर काम करने के अनुभव के आधार पर उनका नाम भी राष्ट्रीय सचिव पद के लिए सामने आया है।

युवा कांग्रेस से राष्ट्रीय संगठन तक पहुंचे

दीपक मिश्रा की भी संगठन में लंबी सक्रियता रही है। वे छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव के साथ भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के महासचिव हैं और कनेक्ट सेंटर प्रभारी के तौर पर संगठन की जिम्मेदारी देख रहे हैं।

राहुल-प्रियंका समेत राष्ट्रीय नेतृत्व ले रहा इंटरव्यू

जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय सचिव पद के लिए दिल्ली में हो रहे साक्षात्कार में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका है।

तीनों नेताओं को दिल्ली बुलाए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस में इसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। यदि चयन होता है तो छत्तीसगढ़ के इन नेताओं को कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button