StateNewsदेश - विदेश

गंगा-यमुना उफान पर, यूपी के 26 जिले बाढ़ में; बिहार भी बेहाल

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर अब भी बना हुआ है। उत्तर प्रदेश और बिहार में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। वहीं मध्य प्रदेश में तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसूनी सिस्टम फिर सक्रिय हुआ है। यूपी में गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं, जबकि बिहार की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 4 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। गंगा और यमुना समेत 10 से अधिक नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है। मिर्जापुर में बाढ़ के पानी के कारण पुल डूब गया है। वहीं फर्रुखाबाद में हाईवे पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

बिहार में 44 लाख लोग प्रभावित

बिहार में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ का असर 14 जिलों तक पहुंच गया है। इन जिलों के 2,360 गांवों में करीब 44 लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। फिलहाल 27,954 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

MP में तीन दिन बाद फिर एक्टिव हुआ मानसून

मध्य प्रदेश में तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसूनी सिस्टम दोबारा सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार रात भोपाल, नर्मदापुरम और विदिशा में बारिश हुई।

दमोह में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई है।

Related Articles

Back to top button