युवाओं को हर क्षेत्र में सेवा और नेतृत्व के अवसर दें: CM साय, ‘मेरा युवा भारत’ की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने माय भारत की गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की और प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को इस मंच से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों की गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक युवा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माय भारत जैसे व्यापक मंच की शुरुआत की गई है। प्रधानमंत्री युवाओं के विचारों, आकांक्षाओं और गतिविधियों को विशेष महत्व देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा तकनीक और डिजिटल माध्यमों के जरिए पूरी दुनिया से जुड़ा है। उसकी सोच व्यापक है और वह तेजी से बदलती परिस्थितियों को अपनाने के साथ नए विचारों और नवाचार को आगे बढ़ाने की क्षमता रखता है। जरूरत है कि उसकी ऊर्जा को सकारात्मक और राष्ट्रहित के कार्यों में लगाया जाए।

इन क्षेत्रों में बढ़ेगी युवाओं की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, सिविक सेंस, इतिहास, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं को सेवा और नेतृत्व के अवसर देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही युवा देश और प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। इसलिए उनमें नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने के लिए अभी से योजनाबद्ध प्रयास जरूरी हैं। माय भारत के माध्यम से युवाओं को व्यावहारिक अनुभव देने के साथ उनकी रचनात्मकता और ऊर्जा का उपयोग समाज व प्रदेश के विकास में किया जा सकेगा।

Exit mobile version