ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रशासनिक सुधारों से बदल रहा छत्तीसगढ़, डिजिटल सुशासन के मॉडल के रूप में उभर रहा प्रदेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित शासन ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन को केवल नीति नहीं, बल्कि शासन की कार्यशैली बनाया है। डिजिटल तकनीक और प्रशासनिक सुधारों के जरिए नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अब तक 435 प्रशासनिक सुधार लागू किए जा चुके हैं, जिससे शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी और नागरिक हितैषी बनी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि प्रबंधन, राजस्व प्रशासन, शिकायत निवारण, ऑनलाइन सेवाओं, औद्योगिक निवेश, पंजीयन व्यवस्था और डिजिटल कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक बदलाव किए गए हैं।

इन सुधारों का उद्देश्य आम नागरिकों, किसानों, युवाओं, उद्यमियों और निवेशकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना तथा सरकारी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।

राज्य सरकार द्वारा डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है।

अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री कार्यालय ऑनलाइन पोर्टल और स्वागतम पोर्टल जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं से योजनाओं की निगरानी और प्रशासनिक निर्णयों की प्रक्रिया तेज हुई है।

वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से 42 विभागों की 1195 श्रेणियों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।

‘सेवा सेतु’ पोर्टल के जरिए 36 विभागों की 520 सेवाएं एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रदेशभर के 16,726 सेवा केंद्रों के माध्यम से अब तक 39.75 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 94 प्रतिशत से अधिक का निराकरण किया जा चुका है।

भूमि सुधार और एग्रीस्टैक के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को 598 करोड़ रुपये की विशेष सहायता प्रदान की है।

वहीं पंजीयन व्यवस्था में ऑनलाइन सेवाएं, स्मार्ट रजिस्ट्री कार्यालय और उपकर समाप्त करने जैसे फैसलों से नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि तकनीक, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन के समन्वय से छत्तीसगढ़ सुशासन और डिजिटल प्रशासन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button