दिल्ली। दिल्ली में I.N.D.I.A (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की अहम बैठक से पहले कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने से सियासी माहौल गर्म हो गया है।
राजधानी की अकबर रोड पर लगे इन पोस्टरों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के खिलाफ विभिन्न विपक्षी नेताओं के पुराने बयान प्रदर्शित किए गए हैं।
पोस्टरों में एनसीपी (शरद पवार गुट) प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बैनर्जी, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य नेताओं की तस्वीरें शामिल हैं।
इनमें राहुल गांधी की नेतृत्व शैली और कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले कथन लिखे गए हैं। हालांकि, इन पोस्टरों को किसने लगाया है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इसी बीच आज दोपहर दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक होने जा रही है, जिसमें कांग्रेस के अनुसार 23 विपक्षी दलों के नेता शामिल होंगे। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, ममता बैनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यवादव और उद्धव ठाकरे सहित कई प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी और डीएमके इस बैठक से दूर रह रही हैं।
बैठक का कोई आधिकारिक एजेंडा तय नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि विपक्षी दल केंद्र सरकार की नीतियों, आगामी राज्य चुनावों और 2029 लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा बिहार की मतदाता सूची पुनरीक्षण, राज्यों में राजनीतिक घटनाक्रम और गठबंधन की एकजुटता जैसे मुद्दे भी उठ सकते हैं।
गौरतलब है कि 2023 में गठित I.N.D.I.A गठबंधन अब तक छह बैठकें कर चुका है। हालांकि पिछले तीन वर्षों में कई सहयोगी दल गठबंधन से अलग भी हो चुके हैं।
ऐसे में यह बैठक विपक्षी एकता की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जबकि बैठक से पहले लगे पोस्टरों ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
