मणिपुर। मणिपुर के उखरुल जिले में रविवार को असम राइफल्स और स्थानीय तंगखुल नगा महिलाओं के बीच तनावपूर्ण झड़प हो गई।
शोक्वाओ और न्यू हेवन क्षेत्रों में सैकड़ों महिलाएं मशाल, लाठियां और बैनर लेकर असम राइफल्स के काफिले के सामने खड़ी हो गईं।
प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों को आगे बढ़ने से रोकते हुए “हमारी जमीन, हमारा अधिकार” के नारे लगाए और क्षेत्र में बनाए गए अस्थायी बंकर का विरोध किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि असम राइफल्स ने गांव की विलेज अथॉरिटी की अनुमति के बिना न्यू हेवन इलाके में बंकर स्थापित किया, जो स्थानीय पारंपरिक कानूनों और संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है।
इसी मुद्दे को लेकर शनिवार रात से ही विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। रविवार सुबह प्रदर्शन तेज हो गया और कुछ महिलाओं ने न्यू हेवन में बने सुरक्षा बलों के बंकर को ध्वस्त कर दिया।
घटनास्थल पर दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई। स्थानीय लोगों का दावा है कि जवानों ने पुलिस और मजिस्ट्रेट की अनुपस्थिति में हवाई फायरिंग की तथा बल प्रयोग किया।
वहीं सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में असम राइफल्स के जवानों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रदर्शनकारी महिलाओं ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। जवानों ने अपने कपड़ों पर पड़े पेट्रोल के निशान भी दिखाए।
इस झड़प में 22 तंगखुल महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ रिपोर्टों में एक प्रदर्शनकारी के पैर में गोली लगने की बात भी कही गई है। वहीं सुरक्षा बलों के कुछ जवानों के घायल होने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
घटना के बाद पूरे शोक्वाओ-न्यू हेवन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि असम राइफल्स को तुरंत नहीं हटाया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं। दूसरी ओर, सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
